जहानाबाद (पीलीभीत)। शॉर्ट सर्किट से टेंट की दुकान में आग लग गई। धुआं उठने पर शोर मचने पर आसपास के दुकानदारों ने अपना सामान बाहर निकाल लिया। फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू किया। हालांकि तब तक दुकान में रखा लाखों का सामान जल चुका था। एसडीएम ने मौका मुआयना कर हादसे की जानकारी जुटाई।
थाना क्षेत्र के पंसोली गांव निवासी नन्हेलाल के मकान के एक हिस्से में लाल सिंह की टेंट की दुकान है। दूसरे हिस्से में देशी शराब की भट्ठी है। इसमें सियाबाड़ी पट्टी गांव निवासी नरेश कुमार कैंटीन चलाते हैं। रविवार शाम चार बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से टेंट की दुकान में पीछे की तरफ आग लग गई। दुकान पर लाल सिंह के भाई सूरज बैठे हुए थे। उन्होंने धुआं उठता देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। काफी लोग जमा हो गए। आग की लपटों ने पड़ोस में चल रही शराब भट्ठी की कैंटीन में रखे रसोई गैस सिलिंडर को भी चपेट में ले लिया। सिलिंडर भी जलने लगा। शराब भट्ठी के सेल्समैन मोनू ने लोगों की मदद से सामान सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल टीम भी पहुंच गई। अमरिया और जहानाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को दूर हटाया। अग्निशमन के दस्ते ने एक घंटे की मशक्कत कर आग को बुझाया। आग बुझाने के प्रयास में लाल सिंह और सूृरज समेत दो युवक मामूली रूप से झुलस गए। एसडीएम अमरिया जंग बहादुर ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। टेंट कारोबारी ने साढ़े तीन लाख का नुकसान बताया। शराब भट्टी का सिलिंडर आग लगने के बाद भी नहीं फटा।
एसडीएम जंग बहादुर सिंह का कहना है कि कैंटीन में कामर्शियल सिलिंडर का इस्तेमाल नहीं था। इसी वजह से कैंटीन संचालक अफसरों के पहुंचते ही निकल गया। एसडीएम ने बताया कि पड़ताल में हादसा शॉर्ट सर्किट से प्रतीत हो रहा है। इसकी जांच कराई जाएगी।