बीसलपुर/अमरिया(पीलीभीत)। हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बीसलपुर में साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक गिरने से प्राइवेट शिक्षक की मौत हो गई। अमरिया में अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरा गई। दुघर्टना में बाइक सवार मजदूर की जान चली गई। उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। दोनों मामलों में परिजन ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर पोस्टमार्टम नहीं कराया। बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए थे।
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुबे निवासी साजन (24) पुत्र राजेंद्र मिश्र एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक थे। बृहस्पतिवार को वह रामलीला मेला देखने गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वह मेला देखकर बाइक से लौट रहे थे। रोडवेज बस स्टैंड के पास साइकिल सवार को बचाने के चक्कर मेें बाइक गिर गई। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन साजन को सीएचसी बीसलपुर लाए। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान बरेली में उनकी मौत हो गई। शव लेकर परिजन वापस आ गए। गमगीन माहौल में शुक्रवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उधर, दूसरा हादसा बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर बड़ेपुरा गुरुद्वारा के पास हुआ। ग्राम बांसखेड़ा निवासी 25 वर्षीय रामपाल पुत्र केवलराम उत्तराखंड के सिडकुल की एक फैक्टरी में काम करते थे। दिवाली पर वह घर आए हुए थे। बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे कस्बा अमरिया निवासी रंजीत सिंह (24) के साथ बाइक से मेला देखकर आ रहे थे। अचानक बाइक अनियंत्रित होकर जामुन के पेड़ से टकरा गई। हादसे में रामपाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी रंजीत गंभीर रुप से घायल हो गए। घायल को सीएचसी अमरिया भर्ती कराया है। परिजन ने रामपाल के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर शुक्रवार को अंतिम संस्कार कर दिया।
दोनों बिना हेलमेट कर रहे थे सफर
सड़क हादसों की लगातार बढ़ती संख्या के बाद एक तरफ शासन-प्रशासन यातायात नियमों का पालन करने की सीख देने में जुटा है। वहीं हर हादसे के बाद नियमों की अनदेखी सामने आ रही है। बृहस्पतिवार रात अलग-अलग हादसों में जान गंवाने वाले रामपाल और साजन हेलमेट नहीं लगाए थे।
पांच साल में हुए सड़क हादसे
वर्ष हादसे घायल मृतक
2014 370 249 136
2015 345 256 126
2016 376 287 155
2017 409 314 166
2018 355 235 161