अमरिया (पीलीभीत)। मजदूरी कर लौट रहे एक बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइकर्स हेलमेट लगाए थे।
थाना क्षेत्र के बांसखेड़ा गांव निवासी 20 वर्षीय दानिश पुत्र अब्दुल वाहिद मजदूरी करते थे। शुक्रवार शाम को वह उत्तराखंड के सितारगंज से मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ गांव का ही नासिर भी था। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर बिलहरा गांव के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दानिश की मौत हो गई, जबकि नासिर घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, घायल नासिर को परिजन सितारगंज ले गए। वहीं पर उसका इलाज कराया जा रहा। एसओ पुष्कर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।