अमरिया (पीलीभीत)। बृहस्पतिवार रात खेतों की ओर चहलकदमी कर रहा तेंदुआ अमरिया थाना क्षेत्र के जगत गांव में पहुंच गया। दो घरों से पालतू कुत्ते ले जाकर उन्हें निवाला बना लिया। सूरजपुर गांव में आबादी के बीच एक बाघ पहुंचने से दहशत फैल गई।
बृहस्पतिवार रात खेतों में चहलकदमी कर रहा तेंदुआ पहले गांव जगत निवासी अमन सरपाल के घर पहुंचा और एक कुत्ते व उसके एक बच्चे को उठा ले गया। इसके बाद कुछ दूरी पर स्थित आकाश सिंह के घर से भी एक कुत्ता उठा ले गया। शुक्रवार सुबह जब परिजन उठे तो कुत्ता गायब मिला। घर के बाहर घसीटने के निशान और तेंदुए के पगचिह्न देख घटना की जानकारी हुई। तेंदुआ कुत्तों को खींचकर गांव के पड़ोस में बने कब्रिस्तान के नजदीक झाड़ियों में ले जाकर अपना निवाला बनाया। सूचना के बाद डिप्टी रेंजर देव ऋषि सक्सेना, तेजपाल, रमाधर, चेतन कुमार ने मौका मुआयना कर पगचिह्न ट्रेस किए, जो तेंदुए के पाए गए। उधर एक बाघ चहलकदमी करता हुआ गांव सूरजपुर निवासी छत्रपाल के घर के पास पहुंच गया। आबादी के पास बाघ की चहलकदमी को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। यहां वन कर्मियों ने पहुंचकर पगचिह्न ट्रेस किए और ग्रामीणों को अलर्ट किया।
तेंदुए के पगचिह्न ट्रेस किए गए हैं। वन विभाग की टीम को निगरानी के लिए लगा दिया गया है। गांव वालों को भी सतर्क कर दिया गया है। -देवऋषि सक्सेना, डिप्टी रेंजर, सामाजिक वानिकी