अमरिया (पीलीभीत)। टाइगर रिजर्व से दूर आबादी के निकट बाघ की दस्तक से दहशत फैल गई। शनिवार सुबह खेतों में चहलकदमी करता बाघ गांव खलीनवादा में पहुंच गया। यहां खेत में जुताई कर रहे किसान ने बाघ को जब ट्रैक्टर के सामने आता देखा तो उसके होश उड़ गए। आननफानन में किसान ट्रैक्टर लेकर फॉर्म हाउस पर पहुंचा। वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए हैं।
धान की कटाई के चलते बाघ आबादी इलाकों में घूमने लगे हैं। कई वर्षों से अमरिया इलाके में डेरा जमाए बाघ धान के खाली खेतों में चहलकदमी करने लगे हैं। गांव खलीनवादा निवासी किसान हरनिंदर सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह वह ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने गए थे। दो ही चक्कर ही लगाए थे कि अचानक बराबर में खड़े गन्ने के खेत से निकलकर बाघ सामने आ गया। बाघ देखकर वह डर गए। और ट्रैक्टर लेकर फॉर्म पर लौट गए। इसकी सूचना उन्होंने वन विभाग को दी। वन दरोगा शेर सिंह, चेतन कुमार, सोमपाल, कैलाश कुमार ने गांव पहुंचकर बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए। वन विभाग की टीम की ओर से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। किसान हरनिंदर सिंह का कहना है कि बाघ से किसानों में दहशत है क्योंकि धान की कटाई और खेतों की जुताई करने के लिए रात जाना पड़ता है। कहीं बाघ हमला कर दे तो क्या करेंगे।