पूरनपुर (पीलीभीत)। शादी की जिद पर अड़ी युवती प्रेमी के पकड़े जाने पर कोतवाली आ धमकी। बोली शादी करूंगी तो इसी से, नहीं तो जान दे दूंगी। पुलिस ने दोनों के परिवार वालों को सूचना देकर कोतवाली बुलाया, पंचायत हुई जो बेनतीजा रही।
पूरनपुर देहात के एक मोहल्ले के युवक का दूसरे मोहल्ले के युवती से करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती ने बताया कि दोनों ने शादी कर साथ रहने का वायदा किया। युवक के परिवार वाले तो शादी को तैयार हो गए, लेकिन युवती के परिवार वाले तैयार नहीं हुए। युवती ने बताया, प्रेमी पांच दिन पहले शादी का प्रस्ताव लेकर उसके घर जा पहुंचा। जिस पर युवती की मां का गुस्सा फूट पड़ा। उसने खरी-खोटी सुनाकर प्रेमी को भगा दिया। युवती पर पाबंदी लगा दी, लेकिन शादी की जिद पर अड़ी युवती मौका मिलते ही मंगलवार को युवक के घर जा धमकी। जानकारी पर युवती के परिवार वालों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस युवक को कोतवाली ले आई। इस पर युवक के परिवार वालों ने युवती को घर से निकाल दिया। इस पर युवती कोतवाली आ धमकी। युवती यहां भी शादी की जिद पर अड़ी रही। उसने चौकी इंचार्ज से शादी करवाने की मांग की। नगर चौकी इंचार्ज निर्देश सिंह चौहान ने मामले की जानकारी देकर दोनों के परिवार वालों को कोतवाली बुलाया। दोनों पक्षों में कोतवाली में घंटों पंचायत हुई। नगर चौकी इंचार्ज निर्देश सिंह चौहान ने बताया कि समझौता वार्ता पूरी नहीं हो पाई है।