फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस की टक्कर से बाइक चालक की मौत के बाद बवाल

Sat, 18 Apr 2015 11:56 PM IST
बिलसंडा।
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर के बमरोली मार्ग स्थित गांव बबूरा में शनिवार को बारातियों से भरी बस ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक युवक की बस के पहिए के नीचे कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़ फरार हो गया। हत्थे लगे परिचालक की उत्तेजित ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की। किसी तरह उसे एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने गोदाम में छिपा कर बचाया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पहले बस में जमकर तोड़फोड़ की और बाद में उसमें आग लगा जलाने की कोशिश की। ग्रामीणों का आक्रोश जब इस पर भी शांत नहीं हुआ तो उन्होंने बस के भीतर व ऊपर रखा दहेज का सारा सामान तहस-नहस कर दिया। कुछ सामान लूट भी ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मूक दर्शक बनी रही। सीओ व एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया।
विज्ञापन

पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रंपुरा कपूर से एक युवक की शुक्रवार की शाम निगोही के गांव पड़सर में बारात गई थी। शनिवार को बारात विदा हुई। दूल्हा-दुल्हन कार में सवार हो चले गए। जबकि बाराती बस संख्या यूपी 21 जी/ 9598 में सवार होकर लौट रहे थे। नगर से महज ढाई किमी पहले गांव बबूरा स्थित तिराहे पर मीरपुर हर्रायपुर की ओर से बाइक पर सवार दो युवक जैसे ही पहुंचे कि पीछे से अनियंत्रित गति से आ रही बारातियों से भरी बस ने टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगते ही बाइक चला रहा गांव मीरपुर निवासी नरायनलाल राजपूत का 27 वर्षीय पुत्र विश्वनाथ पहिए के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा गांव हर्रायपुर निवासी बादशाह सिंह यादव का 22 वर्षीय पुत्र परमाल गंभीर रूप से घायल हो गया। नाजुक हालत में उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने बरेली रेफर कर दिया। उधर, घटना की जानकारी होने पर दुर्घटना का शिकार हुए युवकों के दोनों गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। बस को पलट दिया और उसमें रखा दहेज का सामान भी तोड़ डाला। पुलिस की मौजूदगी में लोगों ने बस को सड़क पर पलट दिया और उसमें आग लगा दी। आग विकराल रूप ले पाती इससे पहले ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। इससे बस जलने से बच गई। उधर, भीड़ ने बमरोली और बिलसंडा मार्ग पर ट्रालियों को आड़ा तिरछा खड़ाकर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने दो घंटे तक जमकर तांडव मचाया, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही। इस बीच सीओ सुबेग सिंह सिद्धू और बीसलपुर कोतवाली प्रभारी केपी यादव जब फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तब कहीं जाकर भीड़ नियंत्रित हो पाई। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसओ राजेश यादव ने बताया कि मृतक के परिवार वालों की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें