पूरनपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने बुधवार को तहसील सभागार मेंं जन सुनवाई की। अधिकांश शिकायतें आवास न मिलने और आवास में सुविधा शुल्क वसूली से संबंधित आईं। पारिवारिक विवाद, छेड़खानी की भी शिकायतें आईं। सुविधा शुल्क की एक शिकायत में उन्होंने प्रधान को फोन पर जानकारी ली। द वरडेंट पब्लिक स्कूल में महिला सशक्तिकरण जागरूकता गोष्ठी को संबोधित किया।
सीएचसी के निरीक्षण में प्रभारी चिकित्साधिकारी के अवकाश पर होने की बात पता चली। इंचार्ज चिकित्सक और कोल्ड चेन में ब्लॉक प्रतिरक्षण अधिकारी के न मिलने, सीएचसी के शौचालय में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई।
जनसुनवाई में उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में किसी को सुविधा शुल्क न दें। सभी पात्रों को आवास की सुविधा मिलेगी। सुविधा शुल्क की शिकायतों पर बीडीओ को जांच करने के लिए कहा। बोलीं, उनकी भी टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। जन सुनवाई के दौरान गांव लोहरपुरा के महेश कुमार की पत्नी पान कुमारी ने प्रधान पर आवास के नाम पर 20 हजार रुपये सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया।
इस पर उन्होंने प्रधान को फोन लगाकर उससे बात की। प्रधान ने विवाद को लेकर पान कुमारी पर झूठा आरोप लगाने की जानकारी दी। जन सुनवाई के दौरान एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी लक्ष्मन प्रसाद, तहसीलदार हबीबउर रहमान अंसारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके बाद उन्होंने द वरडेंट पब्लिक स्कूल पहुंचकर महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता गोष्ठी को संबोधित किया। कहा कि महिलाओं को शिक्षित और जागरूक होने की जरूरत है। महिलाओं को न्याय दिलाने और समस्याओं को लेकर उनके आयोग के दरवाजे हर समय खुले हैं। समस्या का प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाएगा। जागरूकता गोष्ठी में स्कूल के प्रबंधक मोहम्मद असद खां, प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना, महामंत्री सुनील सक्सेना, पूर्व प्रधान हरेंद्र सिंह, रिजवान उर्फ बब्बू, तकी खां, मास्टर नकी खां, जैगम खां आदि मौजूद रहे।
इसके बाद सीएचसी पहुंचीं महिला आयोग की सदस्य को प्रभारी चिकित्साधिकारी, इंचार्ज चिकित्सक, कोल्ड चेन में ब्लॉक प्रतिरक्षण अधिकारी नहीं मिले। उनको बताया गया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी 27 जून तक अवकाश पर हैं। इंचार्ज चिकित्सक की बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पर ड्यूटी है। ब्लॉक प्रतिरक्षण अधिकारी विभागीय अफसर के साथ क्षेत्र में गए हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। सीएचसी के शौचालय में गंदगी पर भी रोष जताया।