पूरनपुर। शारदा नदी के पार 36 एकड़ सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। लेखपाल की लिखित शिकायत के बाद तहसीलदार कोर्ट से जमीन से कब्जेदारों की बेदखली के आदेश हुए हैं। राजस्व निरीक्षक ने टीम के साथ शनिवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। पुलिस बल के साथ शीघ्र ही जमीन को खाली कराया जाएगा।
शारदा नदी पार गांव सिद्धार्थनगर में 36 एकड़ जमीन पर गांव के जयप्रकाश, राकेश, मुक्ति नरायन, प्रेम सिंह, राहुल सिंह, चंद्रमा यादव, राजेश गुप्ता, नागेंद्र, जोगेंद्र, संजय गुप्ता ने पांच साल पहले कब्जा कर खेती शुरू कर दी थी।
लेखपाल भूपेंद्र शर्मा ने वर्ष 2023 में इसकी लिखित शिकायत तहसीलदार से की। कब्जेदार जमीन को अपना होने का दावा कर रहे थे। तहसीलदार कोर्ट में मुकदमा चला। तहसीलदार वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सुनवाई के बाद मार्च में जमीन पर कब्जा बेदखली के आदेश किए गए। अब जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू की गई है।
इसको लेकर शनिवार को राजस्व निरीक्षक अदनान अंसारी को टीम के साथ मौके पर भेजा गया। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि मौके पर कुछ जमीन खाली, जबकि अधिकतर पर में गन्ने की फसल खड़ी पाई गई। उन्होंने बताया कि पुलिस की मदद से शीघ्र ही जमीन पर खड़ी फसल को जोतवा कर कब्जा मुक्त कराया जाएगा।