शारदीय नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों और घरों में माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई। घरों में कलश स्थापना कर भक्तों ने व्रत रखा। शाम को मंदिरों और घरों में छंद गाए गए। वहीं, सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
शहर की शक्तिपीठ मां यशवंतरी देवी मंदिर, निरंजनकुंज कॉलोनी स्थित महा मातेश्वरी मंदिर, गोदावरी एस्टेट का मां दुर्गा मंदिर, दूधियानाथ मंदिर, बाग गुलशेर खां के मां दुर्गा मंदिर समेत शहर के तमाम मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिरों के बाहर देवी भक्तों की कतारें लगी देखी गईं। मां यशवंतरी देवी मंदिर पर सुबह व शाम को श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। घरों में भी श्रद्धालुओं ने विधिविधान से कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की और उपवास रखा।
पूरनपुर। नवरात्र पर पहले दिन लोगों ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। इसको लेकर देवी स्थान मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, सीताराम मंदिर, बड़े हनुमान मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। घरों में भी भजन कीर्तन हुए। उधर, डायमंड कला केंद्र और माता भगवती दुर्गा मंडल की ओर से नवरात्र पर मोहल्ला कायस्थान में माता भगवती का विशाल दरबार बनाया गया। दरबार में श्रद्धालुओं की पहले दिन खासी भीड़ रही। दरबार तक पहुंचने को लकड़ी के तख्तों की दुर्गम पहाड़ी का रास्ता, झरना, गुफाएं आदि बनाई जाएंगी ताकि श्रद्धालु नगर में माता वैष्णोे देवी दरबार के दर्शन की कल्पना कर सकें।
बीसलपुर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने घरों और देवी मंदिरों में माता के शैलपुत्री स्वरूप की विधि-विधान से पूजा अर्चना की। प्रसाद चढ़ाकर मनौतियां मांगीं। दोपहर बाद श्रद्धालुओं ने देवी मंदिरों में भजन-कीर्तन किए। इधर, गायत्री पीठ पर शुरू हुए 10 दिवसीय नवरात्र महोत्सव के पहले दिन श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इस मौके पर सत्यपाल यादव, प्रताप सिंह, जगदीश सिंह, मीना देवी, साधना देवी, रामपाल गंगवार, आशा देवी आदि मौजूद रहीं।