सभी ब्लाकों में हुए उपचुनाव के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को होगा। इसके लिए प्रशासन ने सभी ब्लाक मुख्यालयों पर मतगणना केंद्र बनाकर मतगणना कर्मियों की ड्यूटी लगा दी है।
पूरनपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत जटपुरा में प्रधान सहित जिले के सभी ब्लाकों में दो बीडीसी और 1003 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए उपचुनाव को रविवार को मतदान हुआ था। इसमें लगभग 71.50 प्रतिशत मतदान हुआ था। मंगलवार को मतों की गिनती कराई जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने सभी ब्लाक मुख्यालयों पर मतगणना केंद्र बनाए बनाकर मतगणना कर्मियों की ड्यूटी लगा दी है। सभी ब्लाकों में रिक्त पदों के अनुसार मतगणना टेबल लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर पांच कर्मी रहेंगे। इसके साथ ही मतपेटियों को लाने-ले जाने और अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी, एडीएम अजयकांत सैनी ने बताया कि मतगणना का काम आठ बजे से शुरू होगा। उम्मीद है कि शाम तक मतगणना पूरी हो जाएगी। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतगणना एजेंटों के लिए पास जारी
मंगलवार होने वाली मतगणना के लिए जहां ब्लाक मुख्यालयों पर अन्य व्यवस्थाएं की गई वहीं प्रत्याशियों की ओर से मतगणना के समय उपस्थित रहनेे के लिए मतगणना एजेंट भी नियुक्त किए। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए प्रत्याशियों को ही पास जारी किया गया है। जबकि बीडीसी और प्रधान पद के लिए टेबल के अनुसार मतगणना एजेंट के पास जारी किए गए हैं।