पीलीभीत । निशुल्क अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत ( आरटीई) शैक्षिक सत्र 2025- 26 में इस बार चार चरणों में ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। इसको लेकर विकास भवन स्थित गोमती सभागार में शिक्षा विभाग, बाल विकास, के अधिकारियों की बैठक सीडीओ केके सिंह ने ली।
बैठक में सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशा है कि गरीब परिवारों के बच्चों को मान्यता प्राप्त कॉन्वेंट स्कूलों में कक्षा एक और पूर्व प्राथमिक की कक्षाओं में निशुल्क प्रवेश कराकर शिक्षा दी जाए।
बताया गया कि प्रथम चरण एक से 19 दिसंबर तक, द्वितीय चरण एक से 19 जनवरी 25 तक, तृतीय चरण एक से 19 फरवरी 25 तक और चौथा चरण एक से 19 मार्च तक होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया की सभी तैयारी समय से पूरी कर ली जाएंगी। खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इसका व्यापक प्रचार प्रसार करें। जिससे कोई भी बच्चा निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत प्रवेश लेने से वंचित न रहे।
बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा, जिला विद्यालय निरीक्षक, समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक राकेश पटेल सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे ।