केंद्र सरकार की
‘सुकन्या योजना’ के लिए डाकघरों में लगाए गए विशेष काउंटरों पर मंगलवार को
1637 खाते खोले गए। इन खातों को मिलाकर जिले में सुकन्या योजना के खातों की
संख्या पांच हजार से अधिक हो गई है।
केंद्र सरकार ने 10 साल तक की
बच्चियों के लिए धन जमा करने के उद्देश्य से सुकन्या योजना प्रारंभ की है।
प्रारंभ में जानकारी न होने के कारण अभिभावकों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
लेकिन अब इसमें तेजी आई है। लोगों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए डाकघरों
में वित्तीय वर्ष के अंतिम विशेष काउंटर लगाए गए।
इसमें मुख्य डाकघर में
पांच काउंटर लगाए गए जबकि सिटी पोस्ट ऑफिस और ब्लाक स्तरीय डाकघरों पर
काउंटर लगाकर खाते खोले गए।
सहायक अधीक्षक डाकघर एनसी दुबे ने बताया कि
मंगलवार को जिले में बनाए गए विशेष काउंटरों पर 1637 खाते खोले गए। इससे
पूर्व लगभग 3500 खाते खोले जा चुके थे। अब जिले में सुकन्या खातों की
संख्या पांच हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में
अभिभावक अपनी बच्चियों के लिए फार्म ले गए हैं जिन्हें बाद में जमा किया
जाएगा। इस योजना के लिए आगे भी डाकघरों में विशेष व्यवस्था की गई है।