पूरनपुर (पीलीभीत)। विदेश भेजने का झांसा देकर पंजाब के लुधियाना के थाना समराला के गांव मुशकाबाद निवासी गुरप्रीत सिंह से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए गए। रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज कर दोबारा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। गुरप्रीत सिंह ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले उसकी पहचान शाहजहांपुर थाने के अंतर्गत कस्बा बंडा निवासी एक युवक से हुई। उसने अपने भाई के दोस्त के साथ मिलकर लोगों को विदेश भिजवाने का काम करने की जानकारी दी। साथ ही भाई और उसके दोस्त से भी मिलवाया।
बताया गया कि वर्क वीजा पर विदेश भेजने के लिए 13 लाख रुपये खर्च आएगा। इस पर उसने 70 हजार रुपये गांव पिपरिया मझरा निवासी एक युवक के सामने पांच अप्रैल 2023 को दे दिए। इसके बाद भी एक खाते में उसने 13 अप्रैल को 80 हजार रुपये भेजे।
डेढ़ लाख रुपये मिलने के बाद आरोपी टाल-मटोल करने लगे। बाद में वीजा प्रार्थनापत्र निरस्त होने की जानकारी देकर रुपये वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन राशि वापस नहीं की।
बृहस्पतिवार को पंजाब से यहां आकर गुरुप्रीत ने पुन: राशि मांगी। आरोप है कि तब आरोपियों ने गाली गलौज कर रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया। साथ ही दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। गुरप्रीत सिंह ने कोतवाल राजीव कुमार शर्मा से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।