पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का लैपटॉप, प्रिंटर, एलसीडी और ट्रैक्टर की टूल किट बरामद हुई है।
विज्ञापन
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि बीते 20 नवंबर को राधे-राधे ऑटोमोबाइल्स एजेंसी के संचालक राघव गुप्ता ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एजेंसी रूपपुर कृपा-बीसलपुर रोड पर स्थित है। चोर वहां से लैपटॉप, प्रिंटर, एलसीडी और ट्रैक्टर की टूल किट चोरी कर ले गया था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। 21 नवंबर को पुलिस टीम ने आरोपी रंजीत उर्फ चुल्हा (19) निवासी ग्राम रुपपुर कृपा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। संवाद