ब्राडगेज लाइन पर ट्रेनों के संचालन पर अब भी असमंजस
पीलीभीत के लोगों को बड़ी रेललाइन के सफर के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार रुकना पड़ सकता है। 11 दिसंबर को होने वाले संभावित उद्घाटन को लेकर असमंजस बरकरार है। शुक्रवार को यहां चल रहा मंच निर्माण भी रोक दिया गया। हालांकि अन्य कार्य युद्धस्तर पर जारी है। भोजीपुरा से पीलीभीत ब्राडगेज लाइन का निर्माण पूरा होने पर 11 दिसंबर से ट्रेन चलने की संभावनाएं व्यक्त की जा रही थीं। इसको लेकर स्टेशन पर तैयारियों जोरों पर थीं। उम्मीद की जा रही थी रेलमंत्री ट्रेन को झंडी दिखा सकते हैं। इसके लिए स्टेशन के बाहर मंच का निर्माण भी शुरू कराया गया था लेकिन शुक्रवार को मंच निर्माण का काम बंद कर दिया गया। वहीं स्टेशन पर टिनशेड, फर्श, नाली आदि बनाने का काम जारी है साथ ही रेल की पटरियों व स्टेशन भवन का रंग रोगन भी किया जा रहा है। इससे ट्रेन संचालन के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर संशय बना हुआ है। खास बात यह है कि रेल अधिकारी इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
प्लेटफार्म तीन का निर्माण भी रुका
रेलवे स्टेशन पर ब्राडगेज लाइन के लिए प्लेटफार्म दो का निर्माण पूरा होने के साथ ही तीन का काम भी शुरू किया गया था। एकाएक इसका काम बंद कर दिया गया। इससे छोटी लाइन के तीन नंबर प्लेटफार्म पर काफी गंदगी और अव्यवस्थाएं हैं।
फुटओवरब्रिज का काम भी धीमा
रेल प्रशासन जहां एक ओर ट्रेन संचालन की तैयारी कर रहा है वहीं अब तक फुट ओवरब्रिज का फाउंडेशन का काम भी पूरा नहीं हुआ है। यदि ट्रेन चलने तक ओवरब्रिज नहीं बना तो यात्रियों को रेल की पटरी पार करने में काफी दिक्कत होगी।
बड़ी लाइन ट्रेन संचालन के बाबत अब तक कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। संभवत: शनिवार दोपहर तक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ, डीआरएम