आसाम हाइवे पर बेकाबू गति से दौड़ते ट्रक की टक्कर लगने से बाइक पर जा रही एक वृद्धा की मौके पर मौत हो गई। वह अपने बेटों के साथ बाइक पर नगर को जा रही थी। वहीं कोतवाली के सामने दो बाइक की भिड़ंत में एक दरोगा घायल हो गए। एक अन्य हादसे में लकड़ी ठेकेदार जख्मी हो गया।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर के मेवाराम की 65 वर्षीय पत्नी सुशीला देवी अपने पुत्र विनोद व कल्लू के साथ बाइक पर पूरनपुर जा रही थीं। आसाम हाइवे के कुर्रैया मोड़ पर उनकी बाइक में खुटार की ओर से आए ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से सुशीला देवी की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके दोनों पुत्र घायल हो गए। गढ़वाखेड़ा चौकी इंचार्ज सीपी शुक्ला ने बताया कि चालक को हिरासत में लेने के बाद ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। विनोद कुमार की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूरनपुर कोतवाली के सामने दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एसआई विजेंदर सिंह मामूली घायल हो गए। नगर के देवी स्थान के समीप कार की टक्कर से गांव शेरपुरकलां निवासी लकड़ी ठेकेदार फिरोज घायल हो गया। सीएचसी ले जाने पर घायल फिरोज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एडीसीओ हरेंद्र सिंह पांगती की कार बिजनौर में एक ट्राला से टकरा गई। वह घायल हो गए। वह एक दिन पहले ही अवकाश पर गए थे, जो देहरादून से पीलीभीत को लौट रहे थे।
चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप
ब्लाक प्रमुख पति अजय भारती, जुल्फिकार अली, सिकंदर अली, इश्त्यिाक अहमद आदि ने सीएमओ को संबोधित ज्ञापन प्रभारी चिकित्साधिकारी को सौंपकर इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर पर लापरवाही करने का आरोप लगाया। आरोप है कि घायल फिरोज के सीएचसी मेें पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे।