पीलीभीत। टीबी के मरीजों के लिए अच्छी खबर है। जिला क्षय रोग केंद्र सहित जिले के सभी केंद्रों पर टीबी की दवाओं की कमी दूरी कर दी गई है। अब तक यहां दवाओं का टोटा बना हुआ था, जिस कारण मरीजों को दिक्कत हो रही थी, वह बाजार से अधिक खर्च दवाएं खरीदने के लिए मजबूर थे। ऐसे में जिलाधिकारी ने भी समस्या का संज्ञान लिया था। साथ ही अमर उजाला ने भी इस दिक्कत को प्रमुखता से उठाया था।
जिले में उपचार ले रहे करीब एक हजार टीबी मरीजाें की जान दवाओं के अभाव में मुश्किल में पड़ी हुई थी। अस्पताल आने के बाद उनको दवा न होने की बात कहते हुए बाजार से लेने की बात कही जा रही थी। इससे कर्मियों के साथ मरीजों के तीमारदारों की नोकझोंक भी हो रही थी।
मरीज दवा न होने की अधिकारियों से शिकायत भी करते थे। करीब दो माह से दवा की कमी होने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे थे। इसको लेकर शुक्रवार को अमर उजाला ने खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। खबर का डीएम संजय कुमार सिंह ने भी संज्ञान लिया।
उन्होंने सीएमओ से मामले की जानकारी की। दवा की आपूर्ति जल्द कराने के निर्देश दिए। इसके बाद अफसरों की नींद टूटी तो मरीजों के लिए दवाओं की आपूर्ति करा दी गई। अब जिला क्षय रोग केंद्र सहित अन्य केंद्रों के लिए दवा उपलब्ध करा दी गई है। हालांकि यह दवाएं महज 15 से 20 दिनों के लिए ही भेजी गई है। फिर भी मरीजों को काफी राहत मिली है।
.....
एमडीआर मरीजों को अभी करना पड़ेगा इंतजार
जिले में ही करीब 100 मरीज बिगड़ी टीबी (एमडीआर) के हैं। इनको रोजाना दवा मिलनी चाहिए। जिले में इन मरीजों के लिए भी तीन तरह की दवाएं नहीं है। ऐसे में वे इन्हें बाजार से खरीदते है। बताया जाता है कि अभी सामान्य मरीजों के लिए दवा की आपूर्ति कराई गई है। एमडीआर मरीजों के लिए कुछ इंतजार करना पड़ सकता है।
.......
टीबी के मरीजों के लिए अस्पतालों को दवा उपलब्ध करा दी गई है। दवा आने का क्रम बना रहेगा। दवा का क्रम नहीं टूटने दिया जाएगा।
- डॉ. आलोक कुमार, सीएमओ