पीलीभीत। शहर के बाजार में स्थित रामस्वरूप पार्क की गलियों पर अवैध अतिक्रमण को लेकर अफसर सख्त हुए हैं। समस्या बढ़ने पर शिकायत के बाद बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने को लेकर चेतावनी दी। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अतिक्रमण करने वालो ने भगदड़ के बीच खुद ही सामान हटा लिया।
शहर के प्रमुख बाजार के मार्ग और गलियां अतिक्रमण की जद में रहती है। दुकानदार अस्थाई रूप से सामान को मार्ग पर सजा देते हैं। इसके चलते जाम की समस्या बनी रहती है। लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर पूर्व में अफसरों से शिकायत भी की गई है। लंबे समय से समस्या जस की तस बनी थी। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर रामस्वरूप पार्क के निकट पहुंचे। साथ में नगर पालिका की टीम और पुलिस भी रही।
सिटी मजिस्ट्रेट ने अतिक्रमण हटाने को लेकर व्यापारियों को चेतावनी दी। कुछ जगाहों से अतिक्रमण भी हटवाया। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले अधिकांश दुकानदारों ने दुकान के सामने से अस्थायी अतिक्रमण हटा भी लिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि बाजार में अतिक्रमण को लेकर सख्ती बरती जाएगी। इसको लेकर बुधवार को लोगों को सचेत भी किया गया।