आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं को दोपहर का खाना देने को शुरू की गई हौसला पोषण योजना अब शहरी क्षेत्रों में भी लागू होगी। इसका शासनादेश प्राप्त होने पर विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कुपोषण दूर करने को राज्य पोषण मिशन के तहत जिले में तीन अगस्त से हौसला पोषण योजना शुरू की गई है। इसके तहत गर्भवती महिलाओं को दोपहर के समय आंगनबाड़ी केंद्र पर बुलाकर खाना दिया जा रहा है। योजना के तहत प्रत्येक गर्भवती महिला पर प्रतिदिन 18 रुपये खर्च होंगे। इसमें खाने के साथ दूध, घी व फल भी शामिल हैं। गर्भवती महिलाओं के साथ बच्चों को भी फल, दूध घी दिया जाना है। प्रारंभ में यह योजना केवल ग्रामीण क्षेत्रों में लागू की गई थी। इसके चलते शहर के अलावा सभी नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों को छोड़ दिया गया था। लेकिन अब शासन ने शहरी क्षेत्रों में भी इसे लागू करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि योजना कब से लागू होगी इसकी तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है लेकिन विभाग ने सीडीपीओ व सुपरवाइजरों को क्षेत्र की आंगनबाड़ी वर्कर एवं पालिका सदस्य के नाम संयुक्त बैंक खाता खुलने के निर्देश दिए हैं। उधर दूध और घी सप्लाई के लिए पराग को भी पत्र लिखा गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर ने बताया कि शहरी क्षेत्र में योजना प्रारंभ्भ करने का आदेश प्राप्त हो गया है। इसकी तैयारियां की जा रही है। तिथि का निर्धारण होते ही योजना शुरू कराई जाएगी।