स्वेटर खरीदने में फेल रही प्रदेश सरकार अब स्कूल स्तर पर स्वेटर खरीदकर बच्चों को बांटेंगी। यूनिफार्म की तर्ज पर स्वेटर खरीदकर इसका एक माह के भीतर वितरण किया जाएगा। शासन ने इसको लेकर आदेश जारी किए हैं। बच्चों को 200 रुपये कीमत का मैरून रंग का स्वेटर दिया जाएगा। हालांकि जिस तरह से यह वितरण प्रक्रिया चलाई जानी है, उससे बच्चों को फरवरी में ही स्वेटर मिलने कह उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने एक जुलाई को परिषदीय स्कूलों के बच्चों को निशुल्क स्वेटर देने की घोषणा की थी। मंजूरी के बाद केंद्र सरकार के जेम पोर्टल पर टेंडर जारी किया गया। लंबे इंतजार के बाद भी किसी कंपनी या फर्म ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। इधर अब प्रदेश सरकार द्वारा जिले के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 1,79,801 बच्चों को यूनिफार्म की तर्ज पर स्वेटर वितरण के आदेश दिए हैं। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा राजप्रताप सिंह ने प्रति छात्र 200 रुपये की दर से स्वेटर वितरण कराने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश में स्वेटर खरीद के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाने के आदेश दिए गए हैं। इसमें विद्यालय प्रबंध समिति का अध्यक्ष, स्कूल के प्रधानाध्यापक व प्रबंध समिति के दो ऐसे सदस्य भी शामिल किए जाएंगे जो ग्राम पंचायत व समिति द्वारा नामित किए जाएंगे।
यूनिफार्म की तर्ज पर होगा स्वेटर वितरण
जारी आदेश के मुताबिक 20 हजार से एक लाख रुपये तक की खरीद के लिए कोटेशन, जबकि एक लाख रुपये से अधिक की खरीद पर टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। क्रय समिति बच्चों की संख्या व नाप तय करेगी। कोटेशन के दौरान ही सैंपल लेकर स्कूल में सुरक्षित रखा जाएगा। इसकी निगरानी के लिए डीएम की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा।
सारा दारोमदार खंड शिक्षा अधिकारी व हेडमास्टर पर
स्वेटर वितरण का दारोमदार खंड शिक्षा अधिकारी व हेडमास्टर पर रहेगा। जारी आदेश में कहा गया कि यदि स्वेटर खरीद में कही खंड शिक्षा अधिकारी की संलिप्तता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई कर रिकवरी भी की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी यह देखेंगे कि सभी भुगतान एकाउंटपेयी चेक से किए गए। यदि स्वेटर की गुणवत्ता खराब पाई गई या फर्जी संख्या दर्शाई गई तो संबंधित प्रबंध समिति के अध्यक्ष व हेडमास्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्वेटर वितरण को लेकर शासनादेश प्राप्त हो चुका है। इससे सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आठ जनवरी को बैठक होगी। इसके साथ ही स्वेटर वितरण की प्रक्रिया तेजी से शुरू कर दी जाएगी।
डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, बीएसए
फैक्टफाइल
- 1801 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं जिले में
- 1,79,801 बच्चे अध्ययनरत हैं स्कूलों में
- 200 रुपये प्रति छात्र की दर से मिलेगा स्वेटर का बजट