पीलीभीत। अब मझोला रेलवे स्टेशन पर भी पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव किया जाएगा। लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के पत्राचार के बाद अब इसको लेकर हरी झंडी मिल गई है।
पीलीभीत-टनकपुर रेलखंड के मध्य स्थित मझोला रेलवे स्टेशन पर पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव न होने से यहां दिल्ली जाने वाले यात्रियों को पीलीभीत पहुंचकर सफर करना पड़ता था। इससे यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसको लेकर लंबे समय से क्षेत्रीय जनता की मांग करती चली आ रही है।
अब पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस 12035/12036 ट्रेन का ठहराव अब मझोला रेलवे स्टेशन पर भी किया जाएगा। लगातार किए जा रहे प्रयासों पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद व सांसद जितिन प्रसाद के संज्ञान में लेने के बाद रेलवे विभाग के अफसरों ने इस पर सहमति जता दी है। जल्द ही पूर्णागिरि जनशताब्दी ट्रेन के ठहराव के समय की घोषणा की जाएगी।
-
नगर पंचायत चेयरमैन ने भी रेल मंत्री को सौंपा था ज्ञापन
-नगर पंचायत चेयरमैन निशांत प्रताप सिंह ने इस ट्रेन के ठहराव के लिए अफसरों सहित रेल मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। हाल ही में पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर पहुंची डीआरएम वीणा सिन्हा से भी इस संबंध में वार्ता की। रेलवे की ओर से सहमति मिलने के बाद काफी राहत मिली है।