अफसर करा रहे मार्ग का सर्वे, कार्य पूरा होने के बाद शुरू किया जाएगा संचालन
पीलीभीत। जिले के लोगों को अब हरदोई के लिए भी सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा। बसों की संख्या बढ़ने के बाद हरदोई मार्ग पर बस संचालन की रूपरेखा तैयार की गई है। डिपो के अफसरों ने हरदोई मार्ग का सर्वे शुरू कराया है। जल्द ही बस संचालन भी शुरू हो जाएगा।
स्थानीय डिपो से करीब 113 बसों का संचालन किया जा रहा है। इसमें सबसे अधिक बसों की संख्या दिल्ली मार्ग पर है। इसके अलावा कानपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी, लखनऊ सहित अन्य स्थानों के लिए बसें चलाई जा रही हैं। पीलीभीत से हरदोई मार्ग पर बस का संचालन नहीं हो रहा है। ऐसे में हरदोई जाने वाले यात्री शाहजहांपुर या बरेली से हरदोई की बस पकड़ते हैं। इस मार्ग पर बस संचालन को लेकर पूर्व में मांग की जा चुकी है। अब स्थानीय डिपो पर बसों की संख्या में इजाफा होने पर विभागीय अफसरों ने इस मार्ग पर बस संचालन की योजना बनाई है। विभागीय स्तर से मार्ग पर सर्वे कराया जा रहा है। एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि हरदोई मार्ग पर बस संचालन को लेकर सर्वे किया जा रहा है। सर्वे कार्य पूरा होने के बाद बस संचालन शुरू कर दिया जाएगा। संवाद