गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले सभी दिव्यांगजनों को सरकार की ओर से पेंशन दी जाएगी। इसके लिए दिव्यांग कार्यालय में आवेदन जमा किए जा सकते हैं। शासन ने दिव्यांग भरण पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन) योजना शुरू की है। इसके तहत जो दिव्यांगजन अब तक पेंशन पाने से वंचित हैं, उन्हें 500 रुपये प्रति माह के हिसाब से पेंशन दी जाएगी। इसके लिए आवेदन के साथ कम से कम 40 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र के साथ 18 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांगजन आवेदन कर सकते हैं। राजकीय संस्थाओं में काम करने वाले अथवा वृद्धा, विधवा, समाजवादी अथवा कोई अन्य पेंशन पाने वालों को इसका लाभ नहीं दिया जाएगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेश प्रसाद ने बताया इच्छुक दिव्यांग उनके कार्यालय में आवेदन जमा कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
कृत्रिम अंगों के लिए भी करें आवेदन
पेंशन के साथ ही दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग जैसे कान की मशीन, छडी, ट्राई साइकिल, बैसाखी, कैलीपर आदि के लिए भी विभाग में आवेदन जमा किए जा सकते हैं। इन आवेदनों के आधार पर सूची तैयारी की जाएगी ताकि सप्लाई मिलने पर जरूरतमंदों को उनका वितरण कराया जा सके।