पीलीभीत। संचारी रोग अभियान में पंचायत सचिवों की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे में पहले सप्ताह में जारी हुई रिपोर्ट में दस पंचायत सचिवों की रिपोर्ट निराशाजनक मिलने पर उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
ग्राम पंचायत स्तर पर गांवों को स्वच्छ बनाए जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए शासन स्तर से भी दिशा निर्देश दिए जा रहे है। हाल ही में शुरू हुए संचारी रोग अभियान के अंतर्गत गांवों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी विभागीय अफसरों की ओर से समीक्षा भी की जा रही है। ऐसे में साप्ताहिक समीक्षा में चार ब्लॉकों के दस सचिवों की प्रगति काफी निराशाजनक आई है। इसमेें बीसलपुर ब्लॉक के सचिन कुमार, रितेश शुक्ला, पूरनपुर के रामकिशोर, बिलसंडा के रोहित माथुर, प्रदीप वर्मा, अमरिया वीरेंद्र कुमार, राधेश्याम, राकेश यादव, गौरव सिंह की रिपोर्ट खराब आई है। इन सभी पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि संचारी रोग अभियान में लापरवाही मिलने पर संबंधित सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। स्पष्टीकरण के बाद संबंधित सचिवों पर विभागीय स्तर से कार्रवाई की जाएगी।