पीलीभीत। निजी प्रकाशन की किताबों का उपयोग करने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बीसलपुर के एक निजी स्कूल में निरीक्षण के दौरान निजी प्रकाशन की किताबें मिलने पर प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। शुल्क विनियमन कमेटी के निर्देश के बाद ईंट गांव स्थित राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य के निरीक्षण में अनियमितताएं पाई गई थीं।
डीएम के निर्देश पर जिले में निजी स्कूलों में किताबों की बिक्री और उपयोग को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते पिछले दिनों ने ईंट गांव स्थित राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में गठित टीम ने बीसलपुर क्षेत्र के कैम स्कॉलर्स स्कूल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्कूल में निजी प्रकाशन की किताबें संचालित पाई गईं, जो शासन के निर्देशों के विपरीत है। मामले की जानकारी डीआईओएस को दी गई। इसके बाद जिला स्तर अफसरों ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
डीआईओएस ने बताया कि शुल्क विनियमन कमेटी की बैठक के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर जिले भर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में बीसलपुर के कैम स्कॉलर्स स्कूल में निजी प्रकाशन की किताबें उपयोग करने की बात सामने पर नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाचार्य अर्पित अग्रवाल ने बताया कि पुस्तकों के संबंध में डीआईओएस से मिलकर अपना पक्ष रखकर जवाब दिया गया है। संवाद