खाद की दुकान पर जांच करते जिला कृषि अधिकारी। स्रोत- विभाग
पीलीभीत। जिला कृषि अधिकारी विनीत कुमार ने बुधवार को विकास खंड बरखेड़ा के मधवापुर में कई खाद एवं बीज केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक केंद्र पर अनियमितताएं पाए जाने पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निरीक्षण में कुल छह प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान औद्यानिक उत्पादन सहकारी समिति, गंगवार खाद भंडार, परमहंस कृषि सेवा केंद्र, श्री राम फसल सुरक्षा केंद्र, शिवम खाद भंडार और हनुमान एग्रो ट्रेडर्स शामिल थे। अधिकारी ने इन केंद्रों पर स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, स्टॉक और रेट बोर्ड की जांच की। पॉश मशीन में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया। अधिकांश केंद्रों पर स्टॉक सही पाया गया। हालांकि, श्री राम फसल सुरक्षा केंद्र में स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, स्टॉक एवं रेट बोर्ड उपलब्ध नहीं थे। इस गंभीर अनियमितता के लिए केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। सभी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए। उन्हें किसानों को फार्मर आईडी के आधार पर दर्ज भूमि के अनुसार, अनुशंसित उर्वरक निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान तीन उर्वरक नमूने भी लिए गए। इनमें दो नमूने सिंगल सुपर फॉस्फेट के थे। एक नमूना डीएपी का लिया गया। इन सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद