संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिले के सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों का डाटा अब तक यूपीकॉस आयोग के पोर्टल पर फीड नहीं किया गया है। इससे कार्मिकों में असंतोष है। डाटा फीडिंग शुरू कराने और श्रेणीवार निर्धारित बढ़े हुए वेतन का लाभ दिलाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अमित अल्प ने बुधवार को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। डीएम की अनुपस्थिति में ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम ने मामले में कार्रवाई के लिए सेवायोजन अधिकारी को नामित किया।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने मांग की कि जिले के सभी संबंधित विभागों में आउटसोर्स कार्मिकों की डाटा फीडिंग तत्काल शुरू कराकर निर्धारित समयसीमा में पूरी कराई जाए। सभी विभागों से निर्धारित प्रारूप में कार्मिकों का पूरा विवरण लेकर पोर्टल पर सही प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रेणीवार निर्धारित बढ़ी हुई वेतन दरों के अनुसार भुगतान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
संघ ने विभागों में चल रही प्रक्रिया की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कराने और डाटा फीडिंग व वेतन निर्धारण पूरा होने के बाद पात्र कार्मिकों को नियमानुसार लाभ दिलाने की मांग भी उठाई।
ज्ञापन सौंपने वालों में पीएमएमवीवाई से सुरेंद्र सिंह राठौर और विकेश आनंद, प्रोबेशन विभाग से मीनाक्षी पाठक, विकास विभाग से ज्ञान प्रकाश, बाल विकास विभाग से गुरुप्रीत कौर और अल्पसंख्यक विभाग से तहजीब खान सहित विभिन्न विभागों के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।