पीलीभीत। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद भी शहर के मोहल्ला नई बस्ती के 25 परिवारों को अमृत योजना से जलापूर्ति का लाभ नहीं मिला। कनेक्शन न जुड़ पाने से इन परिवारों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पुरानी पाइपलाइन से हो रही जलापूर्ति की गति काफी धीमी है। वहीं, पानी की गुणवत्ता भी खराब है।
शहर के मोहल्ला नई बस्ती की बात करें तो सुनगढ़ी थाने के निकट गली में करीब 25 परिवार रहते हैं। इस गली में अमृत योजना के तहत जल निगम ने दो साल पूर्व पाइपलाइन डाली थी।
हालांकि कुछ लोग करीब पांच वर्ष पहले कार्य पूरा होने की बात कह रहे हैं। कई दिनों तक पाइपलाइन का कार्य चला। लोगों को साफ-स्वच्छ पेयजल मिलने की उम्मीद जगी।
पाइपलाइन के बाद घरों में कनेक्शन भी करा लिए गए। विभाग की ओर से पाइपलाइन के लिए खोदी गई गली की सड़क की मरम्मत भी करा दी गई, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी अमृत योजना की टोंटियों से पानी की बूंद नहीं टपकी।
डॉ. अश्विनी सचदेवा ने बताया कि अमृत योजना की पाइपलाइन डालने के बाद उनका कनेक्शन ही नहीं जोड़ा गया है। करीब पांच वर्षों से पेयजल की समस्या है।