20 जनवरी से होंगे नामांकन, तैयारी शुरू
20 जनवरी से होने वाले नामांकन को प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। कलेक्ट्रेट में चारों विधानसभाओं के लिए अलग-अलग कोर्ट में व्यवस्था की जाएगी। एडीएम ने कलेक्ट्रेट का भ्रमण कर बेरीकेडिंग की व्यवस्थाएं देखीं। नामांकन में इस बार प्रत्याशियों को फोटो भी जमा करने होंगे। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की तिथि निकट आने के साथ ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। मंगलवार को एडीएम अजयकांत सैनी ने चुनाव विभाग के स्टाफ के साथ कलेक्ट्रेट का भ्रमण कर बेरीकेडिंग एवं सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चारों विधानसभाओं के लिए चार अलग-अलग कोर्ट में व्यवस्था की जा रही है। इसमें सदर विधानसभा के नामांकन सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट, पूरनपुर विधानसभा के लिए डीएम कोर्ट, बरखेड़ा के लिए सदर एसडीएम कोर्ट और बीसलपुर के लिए जिला पंचायत के सभागार में कोर्ट बनाया जाएगा। चारों विधानसभाओं के नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर एक ही प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। वहीं पुलिस विभाग की ओर से भी सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त फोर्स तैनात किया जाएगा।
नामांकन के साथ जमा होंगे फोटो
विधानसभा चुनाव में मतदान के समय ईवीएम पर चुनाव चिन्ह के साथ प्रत्याशी का फोटो भी लगाए जाने की योजना है। इसके लिए इस बार आयोग के निर्देश पर नामांकन पत्र के साथ टिकट साइज के आठ फोटो जमा कराए जाएंगे। काला चश्मा व सिर पर टोपी लगा फोटो स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नामांकन से पूर्व खोलना होगा बैंक खाता
प्रत्याशी को नामांकन से एक दिन पूर्व अपना बैंक खाता खोलना होगा। नामांकन के दौरान बैंक खाते का डिटेल भरना होगा। प्रत्याशी इस खाते से एक दिन में अधिकतम 20 हजार रुपये तक निकाल सकेंगे। शेष धनराशि का भुगतान चेक के माध्यम से करना होगा।