ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर गड़बड़ी की शिकायतों पर डीएम ने जांच अधिकारी नियुक्त किए है। इसमें जमुनिया गांव के वर्तमान और पूर्व प्रधान एव नकटिया गांव की वर्तमान प्रधान के कार्यों की जांच की जाएगी। मरौरी ब्लाक की ग्राम पंचायत जमुनिया के ग्रामीणों ने वर्तमान प्रधान दीनदयाल और पूर्व प्रधान रामऔतार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों में सरकारी धन का दुरुपयोग करने की शिकायत की थी। शिकायत में विभिन्न योजनाओं की धनराशि का गबन करने का भी आरोप लगाया है। इस पर डीएम ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार को वर्तमान प्रधान और जिला उद्यान अधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह को पूर्व प्रधान के कार्यों की जांच करने के नामित किया है। वहीं इसी ब्लाक के गांव नकटिया के ग्रामीणों ने भी प्रधान उर्मिला देवी पर विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग एवं गबन करने का आरोप लगाया है। इस गांव की जांच के लिए डीएम ने जिला ग्रामोद्योग अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया है। तीनों जांच अधिकारियों से 15 दिन में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश डीएम ने दिए हैं।