नौ बजे की उपस्थिति पर कर्मचारियों ने जताया विरोध
सरकारी कार्यालय नौ बजे से खोले जाने पर कर्मचारियों ने विरोध किया है। संयुक्त परिषद के तत्वावधान में कर्मचारियों ने धरना देकर प्रदर्शन किया और डीएम के माध्यम से मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजा। प्रांतीय आह्वान पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में कर्मचारी शाम 5.30 बजे नेहरू पार्क में एकत्र हुए। यहां धरना देकर कर्मचारियों ने सरकार के फरमान पर अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि शासन ने जनसुनवाई के लिए अधिकारियों को नौ बजे कार्यालय आने का आदेश दिया है, लेकिन अधिकारी कर्मचारियों को भी नौ बजे ही कार्यालय आने पर विवश कर रहे हैं। ऐसा न करने पर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों की इस हठधर्मिता के चलते कर्मचारियों में रोष है जो भविष्य में बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है। धरने के बाद कर्मचारी जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां डीएम के न मिलने पर मुख्यसचिव के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। इसमें जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह, सम्प्रेक्षक अशोक कुमार, जिला मंत्री सतीश कुमार, अनूप कुमार, शहनबाज, अजय पाल शर्मा, पीपी सिंह, कर्म सिंह, सदाउल्ला खां आदि थे।