देशभर के सभी रेलवे स्टेशनों पर रेल नीर की उपलब्धता का दावा इन दिनों पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर दूर-दूर तक नहीं दिख रहा0 है। रेलवे स्टेशन पर प्यास बुझाने के लिए यात्रियों को रेल नीर नहीं मिल पा रहा है। स्टॉल आदि से रेल नीर की बोतल गायब है और अन्य ब्रांड का पानी बेचा जा रहा है।
रेल प्रशासन ने ट्रेनों तथा स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेल नीर (पानी की बोतल) का आदेश जारी किया है। शुरू में स्टेशन के स्टॉल तथा वेंडरों के हाथ में रेल नीर दिखाई दिया, लेकिन धीरे-धीरे रेल नीर स्टेशन से गायब हो गया। इन दिनों स्टेशन पर आलम यह है कि रेल नीर की पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने का हवाला देकर उसके स्थान पर अन्य ब्रांड का पानी बेचा जा रहा है। जब यात्री वेंडर से रेल नीर के बारे में पूछता है तो एक उत्तर मिलता है कि रेल नीर नहीं आ रहा है। वहीं सूत्रों की मानें तो वेंडर रेल नीर के स्थान पर अन्य ब्रांड का पानी अधिक कमीशन के चक्कर में बेच रहे हैं। दरअसल वेंडर को रेल नीर की बोतल थोक में लगभग 11 रुपये में मिलती है और 15 रुपये में बिकती है। एक बोतल पर लगभग चार रुपये वेंडर को कमीशन मिलता है। जबकि अन्य लोकल ब्रांड का पानी बेचने पर वेंडर को पांच से छह रुपये तक बचता है।
रेल नीर की सप्लाई कम होने पर अन्य दो कंपनी किन्ले व एक्वाफिना का पानी बेचने के लिए वेंडर व कैंटीन संचालक अधिकृत हैं। उसी ब्रांड का पानी बिक रहा है। समय-समय पर इसकी जांच भी कराई जाती है। - धर्मेंद्र कुमार, स्टेशन अधीक्षक