पीलीभीत। प्रशासन द्वारा बाजार खोलने को लेकर जारी किए गए नए शेड्यूल को लेकर पहले ही दिन व्यापारी दाएं और बाएं ओर की दुकानें खोलने के फेर में उलझकर रह गए। कहीं दोनों तरफ की दुकानें खुल गईं तो असमंजस के चलते व्यापारियों ने दुकानें ही नहीं खोली। इसकी जानकारी जब प्रशासन को हुई तो एडीएम वित्त समेत अन्य अधिकारियों ने बाजार पहुंचकर व्यापारियों को समझाया और बातचीत कर नए शेड्यूल से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने दाएं-बाएं दुकानें खोलने को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए नक्शा तैयार कराने के निर्देश दिए।
प्रदेश सरकार द्वारा हर हफ्ते दो दिन का लॉकडाउन घोषित किया गया है। अब बाजार हफ्ते में महज पांच दिन ही खुल सकेगा। ऐसे में प्रशासन ने बुधवार को बाजार का नया शेड्यूल जारी किया था। इसके तहत दाएं और बाएं का फार्मूला अपनाया गया। इसके मुताबिक बृहस्पतिवार को बाएं तरफ के प्रतिष्ठान खुलने थे और दूसरे दिन दाएं तरफ के। बीती रात बाजार में दुकानों के बाहर दाहिना और बायां लिखवा दिया गया। मगर जब बृहस्पतिवार सुबह बाजार खुला तो नए शेड्यूल को लेकर व्यापारी उलझ गए। स्टेशन रोड पर शेड्यूल के मुताबिक बाईं तरफ की दुकानें खुल गईं, मगर चौराहों और मोड़ के आसपास के दुकानदारों में असमंजस की स्थिति रही। इसका परिणाम यह हुआ कि कुछ जगह दाएं और बाएं दोनों तरफ की दुकानें खुल गईं तो कहीं प्रशासन के खौफ के चलते व्यापारियों ने अपनी दुकानें ही नहीं खोलीं।
जमुनी चौराहे के समीप दोनों तरफ बायां लिखा पाए जाने से व्यापारी यहां भी असमंजस में पड़ गए। यहां दोनों तरफ के व्यापारी दुकान खोलकर बैठ गए। बाद में सभी ने कार्रवाई के डर से दुकानें बंद कर दीं और प्रशासन के इस शेड्यूल पर अपना विरोध जताया। अधिकांश व्यापारी प्रशासन द्वारा जारी नए शेड्यूल से खफा थे। डीएम वैभव श्रीवास्तव को जब व्यापारियों को पूरी बात सही तरीके से न समझ पाने की जानकारी हुई उन्होंने एडीएम वित्त अतुल सिंह को बाजार भेजकर स्थिति ठीक करने को कहा। एडीएम ने एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी प्रवीण मलिक, तहसीलदार विवेक मिश्र, ईओ निशा मिश्रा के साथ लेकर पूरे बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान जमुनी चौराहे के समीप सड़क के दोनों ओर बायां लिखा देकर एडीएम ने नाराजगी जताई और इसे तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने व्यापारियों से भी बात कर उनकी समस्याएं सुनी और समस्या समाधान कराने का आश्वासन दिया। एडीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट और ईओ को दाएं और बाएं की स्थिति स्पष्ट करने को नक्शा बनाने के निर्देश दिए, ताकि व्यापारियों को दिक्कत न हो। शहर के अलावा पूरनपुर और बीसलपुर तहसीलों के व्यापारियों ने भी दुकानें खोलने के नए शेडयूल को लेकर आपत्ति की। कुछ व्यापारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर अपनी समस्या से अवगत कराया। प्रशासन भी बाजार खोलने में व्यापारियों में भ्रम की स्थिति दूर करने में जुटा है।