पीलीभीत। गोवंशीय पशुओं के संरक्षण के लिए छह नई गोशालाओं की शुरुआत हो गई। शुक्रवार को विधायकों और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में गोशालाओं का शुभारंभ किया गया। इस दौरान गोवंशीय पशुओं के संरक्षण को लेकर गंभीरता से निगरानी बरतने के निर्देश दिए गए।
बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव करेली में 200 पशुओं की क्षमता वाली गोशाला का उद्घाटन शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे विधायक रामसरन वर्मा और डीएम पुलकित खरे ने किया। इस मौके पर 60 पशुओं की क्षमता वाली दियोरियाकलां और 30 पशुओं की क्षमता वाली सिंधौरा खरगपुर गोशाला का भी शुभारंभ किया गया। सदर विधानसभा क्षेत्र में गांव अमरगंज में बनी गोशाला शुरू की गई।
बरखेड़ा। विधायक किशनलाल राजपूत और सीडीओ श्रीनिवास मिश्र ने ग्राम पंचायत पृथ्वीपुर के मजरा ग्राम केशोपुर में 30 गोवंशीय पशुओं की क्षमता वाली गोशाला की शुरुआत कराई। गोवंशीय पशुओं को रखने के साथ ही खानपान के भी इंतजाम कराए गए। ग्राम प्रधान अशोक कुमार और ग्राम पंचायत सचिव महेंद्र सिंह को देखरेख की जिम्मेदारी दी गई।
पूरनपुर। ग्राम पंचायत फतेहपुर खुर्द के सिंहपुर ताल्लुके चांदपुर में बनी गोशाला की शुरुआत विधायक बाबूराम पासवान ने की। इस मौके पर मनरेगा योजना के उपायुक्त मृणाल सिंह, एसडीएम राजेंद्र प्रसाद, प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, नरेंद्र प्रकाश दीक्षित आदि मौजूद रहे।