पीलीभीत। नवजात शिशु का शव नाले में पड़ा मिलने से मोहल्ला फीलखाना में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में तमाम लोग जमा हो गए। इसमें सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं हो पाया। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सैनिटाइज कराकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। मामले की छानबीन की जा रही है।
घटना शनिवार सुबह 9:30 बजे की है। घनी आबादी वाले मोहल्ला फीलखाना के नाले में नवजात शिशु का शव पड़ा था। मोहल्ले के कुछ लोग घरों में साफ-सफाई के बाद कूड़ा फेंकने के लिए नाले की तरफ पहुंचे तो शव पर उनकी नजर पड़ गई। इसका शोर मचते ही आसपास के काफी लोग वहां जमा हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली से पुलिसकर्मी पहुंचे। नगरपालिका की टीम को भी बुला लिया गया। फिर नाले से शव बाहर निकालने के बाद नगरपालिका की टीम ने सैनिटाइज किया। उसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना के चलते मौके पर 200 से अधिक लोग जमा हो गए थे। अधिकांश ने मास्क भी नहीं लगाया था। ऐसे में सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो सका। पहले तो पुलिसकर्मी समझाते रहे, मगर न मानने पर भीड़ को सख्ती कर हटाया। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है।