नए वर्ष के जश्न में खलल न पड़े। इसके लिए सीमा पर लगी एसएसबी व खुफिया विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। एसपी ने भी सीमा से जुड़े थानों को सतर्कता बरतने के आदेश देकर जश्न पर पैनी नजर रखने के आदेश दिए हैं।
नए वर्ष पर आतंकी घटनाओं को देखते हुए सीमा सुरक्षा में लगी एसएसबी व अन्य सुरक्षाबलाें ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। 26वीं बटालियन ललौरीखेड़ा के सेनानायक जेपी राणा ने बताया कि नववर्ष को लेकर उन्होंने सीमा पर स्थित सभी चौकियों को दिशा-निर्देश दे चुके हैं। जिस पर जवानों ने सख्ती के साथ निगरानी बढ़ा दी है। इसके अलावा हर कंपनी पर क्लास वन के अफसर को अतिरिक्त तैनात किया गया है। जवान अत्याधुनिक संसाधनों से लैस होकर आने-जाने वाले लोगों की सघन चेकिंग कर रहे हैं। उधर, एसपी जवाहर ने बताया कि सीमा पर स्थित थानों और चौकियां को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ सीमा से जुड़े मार्गों पर वाहनों की चेकिंग भी कराई जा रही है। शहर के प्रमुख स्थानों पर सिपाहियों को तैनात किया गया है। सीओ, प्रभारी निरीक्षकों और सभी थानेदारों को पूरे दिन भ्रमणशील रहने और तेज बाइकर्स के साथ होटलों व ढाबों की चेकिंग करने के साथ कड़ी नजर रखने के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं।