पीलीभीत। किराना और शराब की कालाबाजारी कर तस्करी का मामला सामने आने के बाद नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। निगरानी के लिए गठित की गई स्पेशल बॉर्डर पुलिस टीम ने एसएसबी के साथ नेपाल सीमा पर गश्त की। मुख्य मार्गों के अलावा जंगल और खेत के कच्चे रास्तों पर भी निगाह रखी गई।
लॉकडाउन के साथ ही जनपद की सीमाएं सील कर दी गई थीं। नेपाल और उत्तराखंड की सीमा पर सतर्कता बढ़ाई गई। इसके बाद भी कई मजदूर सीमा पार करके अपने गांव पहुंच गए। बीते दिनों सीमावर्ती इलाके के गांव सुंदरपुर में किराना सामान और नेपाल की देशी शराब बरामद की गई थी। इसकी तस्करी नेपाल सीमा पर की जा रही थी। एसएसबी और पुलिस की ओर से की गई धरपकड़ के बाद गश्त तेज कर दी गई। एसपी अभिषेक दीक्षित की ओर से गठित स्पेशल बॉर्डर पुलिस टीम ने शनिवार को एसएसबी जवानों संग निगरानी की। पैदल भ्रमण कर हालात पर नजर रखी गई। एसपी ने बताया कि सीमा पर चौकसी बढ़ाई गई है। आवाजाही पूरी तरह से बंद है।