पीलीभीत। तेज बारिश हुई तो मंडी समिति में पानी भरना तय है। जलभराव की आशंका से आढ़ती परेशान हैं। आढ़तियों का आक्रोश देखकर नौगवां पकड़िया नगर पंचायत ने अब समस्या पर विचार करना शुरू कर दिया है। पुराने नाले को लेकर तो नगर पंचायत के अधिकारी कुछ नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन अब समाधान के वैकल्पिक रास्ते तलाशे जा रहे हैं।
मंडी समिति परिसर के पानी के निकास के लिए तालाब के पास से एक नाला निकाला गया है। इसी नाले से मंडी का सारा पानी असम हाईवे होते हुए देवहा नदी तक जाता है। बारिश शुरू हो गई है, लेकिन इस नाले की सफाई अभी तक सफाई नहीं हो पाई है। नाला चोक है। इससे पानी का निकास न होने की दशा में मंडी में जलभराव तय है।
इसी को लेकर आढ़ती परेशान हैं। कई बार आढ़ती अधिकारियों के पास गए। शिकायत की लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। अफसरों ने पुराने नाले की सफाई को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है बल्कि नए की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए मंडी के ही एक नाले को देखा जा रहा है। पहले इसे ठीक कराकर समस्या का समाधान कराने की बात कही जा रही है।
0000000
मंडी के हालात के लिए नौगवां पकड़िया नगर पंचायत के अधिकारी जिम्मेदार
असम चौराहे पर फ्लाईओवर का काम चल रहा है। पूर्व में काम के दौरान ही नाला धंसने की बात कही गई। इसपर जब पड़ताल कराई तो पाया गया कि नाले की सफाई अरसे से नहीं हो सकी है। गंदगी के कारण नाला चोक है। ऐसे में संस्था की ओर से नौगवां पकड़िया नगर पंचायत के ईओ से संसाधन और श्रमिक देने की बात कही गई। इसके बाद भी सफाई को लेकर कोई हामी नहीं भरी गई। मामला लगातार टाला जा रहा है।
00
पुलिस चौकी के पीछे पट गया नाला
मंडी से आने वाले पानी की निकासी के लिए पुलिस चौकी के पीछे से नाला बनाया गया था। मौजूदा समय में नाले की ओर किसी द्वारा ध्यान न देने के कारण वह गंदगी और पॉलीथिन से पट गया है। नाले में आवारा जानवारों का डेरा रहता है। इससे किसी भी दशा में पानी पास नहीं हो पा रहा। नाले में ही पानी भरा हुआ है।
00
वर्जन सफाई का कार्य शुरू कराया गया है। इसमें समय लगेगा। फिलहाल पानी न भरे, इसको लेकर वैकल्पिक तौर पर भी व्यवस्था कराई जा रही है। पुलिस चौकी के पीछे नाले की सफाई में समय लगेगा। - संतोष चतुर्वेदी, ईओ, नौगवां पकड़िया नगर पंचायत
00
मंडी के आढ़तियों की समस्या पर ईओ से बात की गई थी। उनको संसाधन व श्रमिक देने की बात कही गई थी। नगर पंचायत की तरफ से कुछ जवाब ही नहीं दिया गया। फ्लाईओवर के कार्य से नाले को कोई नुकसान नहीं हुआ है। - शशांक भार्गव, अधिशासी अभियंता, एनएचई