पीलीभीत। कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए पूर्व में ही किताबे आ गईं थी, लेकिन अब कक्षा एक और दो की एनसीईआरटी की पुस्तकें भी आना शुरू हो गईं हैं।
नवीन शिक्षा सत्र आरंभ होने के बाद बेसिक स्कूलों के लिए कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए पुस्तकों को भेज दिया गया था। सत्यापन होने के बाद सभी पुस्तकों को संबंधित स्कूलों में भेजा गया था। कक्षा एक और दो के लिए पुस्तकों की खेप शासन स्तर से नहीं भेजी जा सकी थी। कारण था कि इन कक्षाओं में एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू होंगी या नहीं इसको लेकर शासन स्तर से कोई निर्णय नहीं हो पा रहा था।
अब शासन स्तर से एनसीईआरटी पुस्तकों का निर्धारण होने के बाद जिले में कक्षा एक और दो के लिए पुस्तकों की खेप पहुंचने का काम शुरू हो गया है। बता दें कि जिले में कक्षा एक और दो में 25000 विद्यार्थी अध्ययनरत है। उनके लिए अब तक 20 हजार पुस्तकों की खेप मुख्यालय पहुंचाई जा चुकी है। शेष पुस्तकें अभी आना शेष है।
सभी पुस्तकें आने के बाद इनका सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन होने के बाद संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कक्षा एक और दो के लिए पुस्तकें आनी शुरू हो गईं हैं। जल्दी सत्यापन के बाद इनका वितरण शुरू कर दिया जाएगा।