नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर की गई थी एनबीसी में शिकायत
टीम ने मेडिकल स्टोर के बिल, डॉक्टर द्वारा लिखे पर्चों की जांच की
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर शनिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने छापा मारा। टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक मेडिकल स्टोर में दवाओं और दस्तावेजों की जांच की। उसके बाद मेडिकल स्टोर संचालक को थाने लेकर गए और पूछताछ की। हालांकि टीम को कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
एनसीबी की टीम शनिवार की सुबह करीब दस बजे पुलिस बल के साथ मेडिकल स्टोर पर पहुंची। टीम को शिकायत मिली थी कि मेडिकल स्टोर से अवैध तरीके से नशीली दवाओं की बिक्री की जाती है। टीम ने मेडिकल स्टोर का गोदाम चेक किया। दवाओं का स्टॉक खंगाला। दवाओं के बिल देखे। मेडिकल स्टोर पर एक डॉक्टर भी बैठते हैं। उनके द्वारा मरीजों को लिखी गईं दवाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई। टीम ने मेडिकल स्टोर का शटर बंद करा दिया। बाहर पुलिस बल तैनात रहा। करीब डेढ़ घंटे जांच के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को थाने ले जाया गया। यहां भी काफी देर उससे पूछताछ की गई। उसके मोबाइल के रिकार्ड भी देखे। नारकोटिक्स के इंस्पेक्टर पंकज दुबे ने बताया कि मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच में ऐसी कोई चीज नहीं मिली है।
स्थानीय अधिकारियों को नहीं किया शामिल
टीम पुलिस के साथ मेडिकल स्टोर पर छापा मारने पहुंची। सुबह पैदल ही टीम मेडिकल स्टोर तक पहुंची। कार्रवाई के लिए एनसीबी की टीम ने लोकल अधिकारियों को दूर रखा। ड्रग इंस्पेक्टर नेहा वैश्य से जब इस मामले में बात की गई तो उनका कहना था कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।