12 घंटे में अमरिया क्षेत्र में पकड़ा गया दूसरा मगरमच्छ
बार-बार मगरमच्छ के आबादी में आने से ग्रामीण दहशत में
पीलीभीत। शुक्रवार को 12 घंटे के अंदर आबादी क्षेत्र के निकट से दूसरा मगरमच्छ पकड़ा गया। विभाग ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को देवहा नदी में ले जाकर छोड़ दिया। आबादी क्षेत्र के निकट मगरमच्छ की बढ़ती मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है।
शुक्रवार की सुबह अमरिया क्षेत्र में एक घर में घुसे मगरमच्छ को वनकर्मियों की टीम ने पकड़ा था। 12 घंटे बीतने के बाद ही शुक्रवार की शाम करीब सात बजे तहसील क्षेत्र के गांव दियोरनिया में आबादी के निकट एक अन्य मगरमच्छ देखा गया। ग्रामीण कालीचरन ने गांव वालों को बताया। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य राम प्रसाद वर्मा ने डीएफओ को जानकारी दी। वन विभाग के डिप्टी रेंजर देवेंद्र कुमार, वन दरोगा शैलेंद्र कुमार टीम के साथ गांव पहुंचे और मगरमच्छ को पकड़ लिया।
अब तक पकड़े जा चुके हैं छह मगरमच्छ
अमरिया क्षेत्र में मगरमच्छों की सक्रियता लगातार जारी है। पिछले एक माह में आबादी के निकट करीब छह मगरमच्छों को पकड़ा जा चुका है। इसमें गांव माधोपुर, सरैनी तिकुनिया, नगरिया कॉलोनी, अमरिया कस्बे में मगरमच्छ को पकड़ा जा चुका है। नगरिया क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले में एक महिला समेत दो लोग घायल भी हो चुके हैं।
अप्सरा नदी से निकलकर बस्ती में पहुंच रहे मगरमच्छ
ग्रामीणों का कहना है कि अमरिया क्षेत्र से गुजरने वाली अप्सरा नदी में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं। बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद मगरमच्छ बाहर निकलकर माइनर और तालाबों में पहुंच जाते हैं। यही वजह है कि क्षेत्र में मगरमच्छों की संख्या बढ़ गई है।
अमरिया के पास में अप्सरा नदी है। वहीं से मगरमच्छ आ-जा रहे हैं। लोगों को सतर्क किया जा रहा है कि तालाबों और नदी में न घुसें।
- देंवेंद्र कुमार, डिप्टी रेंजर