गांव भसूड़ा का मामला, पुलिस को मिली तहरीर
बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव भसूड़ा में मंगलवार को सुबह हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस को बुधवार को तहरीर मिल गई। पुलिस ने तहरीर में नामजद किए गए आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस अब भी इस मामले को संदिग्ध मान रही है।
इस गांव के श्यामाचरण गंगवार की पत्नी चंचल देवी गंगवार ने तहरीर दी है। कहा कि मंगलवार सुबह आठ बजे उनके पति अपने घर के बाहरी हिस्से में स्थित किराने की दुकान पर बैठे हुए थे। उसी दौरान पड़ोसी गांव चौसरा के दो लोग डनलप लेकर निकट स्थित टाल से बल्ली भरने आए थे। उनमें से एक व्यक्ति डनलप पर बल्ली भरवाने लगा। दूसरा व्यक्ति श्यामाचरण की दुकान पर पान मसाला लेने पहुंच गया। उस व्यक्ति ने श्यामाचरण से एक खास ब्रांड का पान मसाला मांगा। उसे बताया गया कि दुकान पर उस ब्रांड का पान मसाला नहीं है। उस व्यक्ति को लगा कि पति झूठ बोल रहा है। इस मामले को लेकर पहले दोनों में कहासुनी हुई और बाद में उस व्यक्ति ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से उसके पति घायल हो गए। उसके बाद वह व्यक्ति पैदल ही भाग गया।
घायल पति को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के साथ उसके परिवार की भी अधिकांश लोग बरेली चले गए थे। तहरीर में गांव चौसरा के एक युवक को नामजद किया गया है। पुलिस ने तहरीर मिलते ही नामजद किए गए युवक को पकड़ लिया है। युवक ने पुलिस को बताया कि घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा श्यामाचरण का था। शराब के नशे में होने के कारण हिरासत में लिया गया युवक पुलिस को घटना की पूरी जानकारी नहीं दे सका। युवक के बाएं हाथ में चोट भी लगी है। सीओ राहुल पांडेय का कहना है कि सभी बिंदुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
टेस्टिंग के दौरान तमंचे से फायर होने की चर्चा
इसी बीच पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि श्यामाचरण एक नया तमंचा खरीद कर लाया था। तहरीर में नामजद किया गया आरोपी श्यामाचरण का खास मित्र था। मित्र जब उसके पास पहुंचा तो श्यामाचरण ने उसे वह तमंचा दिखाया। उसके बाद तमंचे की टेस्टिंग के दौरान फायर हो जाने श्यामाचरण घायल हो गया। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि टेस्टिंग श्यामाचरण ने की या उसके मित्र ने की।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
घायल की पत्नी की ओर से दी गई तहरीर में लगाए गए आरोप की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर में नामजद किए गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। कोतवाली पुलिस को सत्यता के आधार पर मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
राहुल पांडेय, सीओ बीसलपुर
-