फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिमझिम बारिश ने खोल दी नगर पालिका की पोल, कहीं कींचड़, तो कहीं जलभराव

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। गुरुवार रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रही। दिन भर रुक-रुक हुई बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। वहीं एक बार फिर नगर पालिका की साफ-सफाई की हकीकत सडकों पर खुलकर सामने आ गई। चूंकि बारिश तेज नहीं थी इसलिए कहीं ज्यादा देर तक जलभराव नहीं रहा। मगर सड़कें दलदल में तब्दील हो गईं। सड़कों पर जमा कूड़ा कीचड़ के रुप में बदल गया। बारिश का पानी कुछ देर में नाले- नालियों के रास्ते निकल गया, लेकिन कीचड़ पूरे दिन परेशानी का सबब बनी रही। लोगों का सड़क पर चलाना भी दूभर हो गया। सड़कों पर गड्ढ़े होने की वजह से पानी भरा रहा।
विज्ञापन

शहर की पॉश अशोक कॉलोनी में बारिश के बाद सड़क के कुछ हिस्से में जलभराव हुआ। इस कॉलोनी में खुद नगरपालिका चेयरमैन विमला जायसवाल का मकान भी है। कॉलोनी में हुए जलभराव के पीछे सड़कों पर जगह-जगह गड्ढ़े अहम वजह रहे। कॉलोनी के लोग काफी परेशान हुए।
रेलवे स्टेशन तिराहे से बरहा गांव, रेलवे कॉलोनी को जाने वाली सड़क का हाल लंबे समय से बदहाल है। यहां पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, इसमें कोई सुधार अब तक नहीं हो सका है। बारिश से यहां पर कुछ ही देर में पानी जमा हो गया। आलम यह रहा कि दोपहर बाद बारिश तो रुक गई मगर जलभराव बना रहा। वाहन चालक इधर से गुजरते वक्त गड्ढे के कारण घबराए से दिखे। स्थानीय लोग इसको लेकर काफी खफा दिखे और पालिका की बेपरवाही पर नाराजगी जताई।
विज्ञापन

एलच चीनी मिल मार्ग पर शुक्रवार को बारिश ने दलदल बना दी। गड्ढों में पानी भर गया तो मिट्टी और कूड़ा करकट से कीचड़ फैल गई। आलम यह था कि वाहन तो स्लिप हो ही रहे थे, साथ ही पैदल निकलने वालों को भी फिसलने का डर बना रहा। रोड किनारे लगने वाली सब्जी बाजार भी सूनी रही। इस मार्ग पर नगर पालिका का कार्यालय है। इसके बावजूद जिम्मेदारों को हकीकत नहीं दिखती। यहां न तो सड़क की मरम्मत कराई, न ही साफ सफाई पर संजीदगी बरती गई।
दो दिनों से हो रही बारिश से किसान की फसल भी खतरे में है। खेतों में जलभराव हो गया है। इससे फसल को नुकसान न हो जाए किसान परेशान है। माधोटाडा रोड पर एक खेत मे बारिश के पानी से डूबी फसल हालात को बयां करने से काफी है।
यूं तो गुरुवार देर रात से शुक्रवार तक हुई बारिश से अधिक जलभराव नहीं हुआ, मगर एकता नगर कॉलोनी, बल्लभनगर कॉलोनी, शारदा कालोनी, मोहल्ला शेरमोहम्मद, सुनगढ़ी, मोहम्मद वासिल, शेरों वाली मठिया, पकड़िया की सड़कों पर बारिश होने पर पानी भरता रहा, जो कि बारिश रुकने पर निकलता गया। इस बीच वहां के लोगों को काफी परेशान होना पड़ा।
पूरनपुर। बरसात से शारदा नदी का रास्ता भी खराब हो गया। इससे पूरनपुर-टाटरगंज आवागमन करने वाली दो बसें रास्ते में फंस गईं। बसों के फंसने से दो-तीन बसों का ही शारदा नदी पार तक आवागमन हुआ। अन्य बसें पूरनपुर से चंदिया हजारा तक चलीं। शारदा नदी घाट और शारदा नदी पार आवागमन करने वालों को भारी असुविधा हुई। ब्लॉक रोड, बिजली घर, नई बस्ती प्राइमरी स्कूल के अलावा निचली गलियों में जलभराव रहा। कई स्कूलों में भी जलभराव रहा, इससे वहां पहुंचने में बच्चों को दिक्कत आई। सरकारी कार्यालयों में अघोषित अवकाश जैसे हालात बने रहे। न तो फरियादी दिखाई दिए, न ही अधिकांश कर्मचारी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें