नानकमत्ता से चुराई गई बाइक के एक दुकान पर पार्टस खुलवाते समय पकड़े गए शातिर बाइक चोर समेत तीन युवकों को छोड़े जाने का मामला जहॉनाबाद पुलिस के गले की फांस बन गया। अमर उजाला में खबर छपने के बाद हड़बड़ाई पुलिस ने छोड़े गए शातिर चोर को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। उधर, एएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बुधवार को एसओ को जमकर फटकार लगाई और रात में थाना पहुंचकर आरोपी से खुद पूछताछ करने की बात कही। एएसपी के कड़े रुख और खुद की गर्दन फंसते देख एसओ ने बुधवार को आनन-फानन में आरोपी का चालान कर दिया।
12 सितंबर की शाम जहॉनाबाद पुलिस ने अमरिया रोड पर एक आटोमोबाइल स्पेयर पार्टस की दुकान पर छापा मारा था। छापे के दौरान पुलिस ने उत्तराखंड से चोरी कर लाई गई बाइक के स्पेयर पार्टस खुलवाते समेत कसबा जहॉनाबाद के मोहल्ला काजी टोला निवासी शातिर बाइक चोर जाकिर व दो अन्य युवकों को दबोचा था। अगले दिन पुलिस ने मोटी डील के बाद शातिर चोर जाकिर सहित दो आरोपियों को छोड़ दिया था। एक आरोपी को 15 सितंबर को छोड़ा। अमर उजाला ने 16 सितंबर के अंक में तीन आटोलिफ्टर को पकड़कर छोड़ा शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। एसओ धनंजय सिंह ने आरोपी को आनन-फानन में बुलाकर हिरासत में ले लिया।
इधर, खबर को संज्ञान लेने के बाद एएसपी सुधीर कुमार सिंह ने जब एसओ से मामले की जानकारी ली तो एसओ ने उन्हें घुमाने की कोशिश की। बोले, छोड़ा नहीं उसे दूसरे के सुपुर्द किया था। इस पर एसपी का पारा चढ़ गया। उन्होंने एसओ को जमकर फटकार लगाई और उसका बुधवार को चालान न करने की हिदायत देते हुए रात में खुद थाने आकर आरोपी से पूछताछ करने की बात कही। इस पर हड़बड़ाए एसओ ने खुद की गर्दन फंसती देख आरोपी शाहिद का आनन-फानन में चालान कर दिया।
एसओ ने आरोपी जाकिर को रात में दाखिल कर दिया था। इसलिए उसका चालान कर दिया है। प्रकरण गंभीर है। वह इस मामले की खुद जांच करेंगे और दोषी मिलने पर एसओ के निलंबन की संस्तुति समेत रिपोर्ट एसपी को देंगे।
सुधीर कुमार सिंह, एएसपी