जहानाबाद। गांव डांग में चल रहे रात्रि क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार की रात ढेरम सुकटिया और कटहरा ढाल टीम के बीच हुए मुकाबले में ढेरम सुकटिया के बल्लेबाज मुशफिक ने शानदार बल्लेबाजी की। लगातार तीन छक्के लगाकर टीम को जीत दिला दी। एक अन्य मुकाबले में सितारगंज ने खाता बरखन टीम को हराया।
सितारगंज और खाता बरखन के बीच हुए मैच में खाता बरखन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। आठ ओवर में छह विकेट खोकर 79 रन बनाए। जवाब में सितारगंज ने आठ विकेट से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच सितारगंज के विक्रम सिंह चुने गए।
दूसरा मैच ढेरम सुकटिया और कटहरा ढाल के बीच खेला गया। ढेरम सुकटिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। आठ ओवर में चार विकेट खोकर 78 रन बनाए। बल्लेबाज मुशफिक ने 44 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटहरा ढाल की टीम 70 रन ही बना सकी। मुशफिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुशफिक ने अपनी पारी में पांच छक्के लगाए। इसमें तीन छक्के लगातार तीन गेंदों पर लगाए।