पुलिस ने दुर्घटना मानकर कर दिया था मामला रफादफा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बीसलपुर। दोस्तों के साथ घूमने गए युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने दुर्घटना दिखाते हुए मामले को रफादफा कर दिया था। अब न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को 11 माह बाद हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी सुशीला देवी ने बताया कि सात मार्च 2023 को उनके पुत्र राहुल को नगर के दो लोग अपने साथ बुला कर ले गए थे। उन लोगों ने शाहजहांपुर जिले की रोजा रेलवे स्टेशन पर उनके पुत्र की हत्या कर दी और रेल दुर्घटना दिखाने के लिए पुत्र का शव रेल की पटरी पर डाल दिया।
स्थानीय पुलिस ने रेल दुर्घटना मानकर मामले को रफादफा कर दिया। जबकि उन्होंने हत्याकांड की नामजद तहरीर भी दी थी। उसके बाद सुशीला देवी ने पुलिस के उच्च अधिकारियों के चक्कर लगाए लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई। पुलिस से मायूस होकर सुशील ने न्यायालय की शरण ली।
कोतवाली के वरिष्ठ पुलिस उप निरीक्षक रणजीत सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में मोहल्ला पटेल नगर निवासी चंचल चौहान और राहुल को नामजद किया गया है। सुशीला देवी ने बताया कि आरोपियों ने रंजिशन उनके पुत्र की हत्या की है।