पीलीभीत। नाला निर्माण की स्थिति को संज्ञान में लेते हुए पालिकाध्यक्ष ने गुणवत्तापूर्ण कार्य करने और तेजी लाने के निर्देश कर्मचारियों को दिए। बता दें कि इस संबंध में अमर उजाला ने अपने 20 जून के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
छतरी चौराहे पर कई दिनों से नाला निर्माण का कार्य रुका हुआ था। इससे वहां के व्यापारियों के व्यापार का काफी नुकसान हो रहा था। इसी संदर्भ में शनिवार को पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल छतरी चौराहा से लेकर गौहनिया चौराहा की ओर बनाए जा रहे नाला निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचीं।
उन्होंने देखा कि नाले का ढाल सही से नहीं बन पा रही है। नीचे बिजली के केबल होने की जानकारी के बाद नाले को गहराई से नहीं खोदा जा पा रहा था। इसके बाद उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर अंडरग्राउंड लाइन की गहराई की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि जिस जगह पर नाले का लेवल ठीक नहीं आ पा रहा है, वहां गहरा खोदा जा सकता है। जिसके बाद पालिकाध्यक्ष ने नाले का ढाल गहरा बनाने के निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष काला मंदिर से कुम्हारों वाली पुलिया की ओर कराए जा रहे सफाई कार्य को देखने भी पहुंचीं। यहां उन्होंने नाले को ठीक तरह से साफ करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के समय में शहर का पानी इस मुख्य नाले से जल्दी से जल्दी पार हो सके। उन्होंने ठेकेदार से काम में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि बारिश होने से पूर्व नाले की सफाई सही ढंग से हो जाए।
प्रकाशित खबर ।