बीसलपुर। नगर पालिका परिषद प्रशासन ने 44 दुकानों को खाली करने के मामले में दुकानदारों को जवाब दाखिल करने की मोहलत दे दी है। इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका की 258 में से 44 दुकानों के आवंटियों को अपात्र मानते हुए एक पखवाड़ा पूर्व नोटिस जारी कर एक सप्ताह में दुकानें खाली करने को कहा गया था। नोटिस में यह चेतावनी दी गई थी कि यदि एक सप्ताह में दुकानें खाली नहीं की गईं तो जबरन खाली करा ली जाएंगी और इसका हर्जा-खर्चा दुकानदारों से वसूला जाएगा।
इसके बाद दुकानदार पालिका कार्यालय के चक्कर लगाने लगे। कुछ दुकानदारों ने नेताओं से भी संपर्क साधा। नगर पालिका प्रशासन ने भी इस मामले में विधिक राय ली। इसके बाद पालिका प्रशासन ने संबंंधित दुकानदारों को नोटिस का जवाब देने का मौका दिया। नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक अकरम खां ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को जवाब दाखिल करने का मौका दिया गया है। जवाब मिलने के बाद उसका परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।