बीसलपुर। रंजिश को लेकर आरोपियों ने बुधवार की देर शाम गांव बिहारीपुर कुमिरखा में मां-बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। गंभीर घायल मां-बेटे को सीएचसी लाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
कोतवाली के गांव बिहारीपुर कुमिरखा निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने रंजिश को लेकर उनके दरवाजे पर आकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसे और उनकी मां सोमवती को लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जमा होने लगी। यह देख हमलावर भाग गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि धर्मेंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव के रंजीत, मुकेश, मुनीश, जयवीर और अजय पाल को नामजद किया गया है। संवाद